बीईएल की सीएसआर निधि से स्थापित केंद्र से महिलाओं को मिलेगी स्तन कैंसर की जांच की सुविधा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में सोमवार को मैमोग्राफी सुविधा का शुभारंभ हो गया। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि से स्थापित इस केंद्र के शुरू होने से महिलाओं को स्तन कैंसर की जांच और प्रारंभिक स्तर पर बीमारी की पहचान की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूडी भूषण ने बेस अस्पताल में मैमोग्राफी केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की आधारशिला होती हैं, लेकिन कई बार परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े, इस चिंता के कारण वे अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को समय पर सामने नहीं रख पातीं। इससे कई गंभीर बीमारियों का पता देर से चलता है। उन्होंने कहा कि मैमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव होगी और समय रहते उपचार शुरू कराया जा सकेगा। महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा उपलब्ध होने से महिलाओं को जांच के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और उन्हें समय पर चिकित्सकीय परामर्श व उपचार मिल सकेगा। बीईएल, कोटद्वार के निदेशक अम्बरीश त्रिपाठी ने बताया कि विधायक ऋतु खंडूडी भूषण के अनुरोध पर महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बेस चिकित्सालय में मैमोग्राफी मशीन स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि बीईएल की ओर से कोटद्वार क्षेत्र में 1500 स्ट्रीट लाइटें, प्रमुख चौराहों पर निगरानी कैमरे, झंडीचौड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूति गृह और बेस चिकित्सालय में शौचालय सहित कई जनोपयोगी कार्य कराए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजय सिंह ने मैमोग्राफी सुविधा शुरू होने को अस्पताल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की महिलाओं को स्तन कैंसर की जांच के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और बीमारी की समय पर पहचान में मदद मिलेगी। इस अवसर पर बीईएल के महाप्रबंधक रविंद्र नाथ पांडेय, सुमन कोटनाला, शशिबाला केष्टवाल, प्रेमा खंतवाल, आशीष रावत, जितेंद्र नेगी, गुरुवचन सिंह, दलजीत सिंह, गोपाल दत्त जखमोला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।