मंडी समिति अध्यक्ष ने सीएम को समस्याओं से अवगत कराया
नैनीताल। मंडी समिति अध्यक्ष मनोज साह ने देहरादून में नवनियुक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को भीमताल विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही समस्याओं का जल्द निस्तारण करने की मांग की। सोमवार को मंडी समिति अध्यक्ष मनोज साह ने मुख्यमंत्री को भीमताल, ओखलकांडा, धारी और रामगढ़ ब्लॉकों के काश्तकारों की समस्याएं गिनाईं। उन्होंने कहा ओखलकांडा जनपद नैनीताल का सबसे दूरस्थ ब्लॉक है।यहां के कई गांवों के ग्रामीण अभी भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। इससे ग्रामीण मीलों पैदल चलने को मजबूर हैं। इसके अलावा पतलोट क्षेत्र का बीएसएनएल टावर में खराबी के चलते क्षेत्र के दर्जनों गांवों के उपभोक्ता कनेक्टिविटी से परेशान हैं। इस दौरान उन्होंने ओखलकांडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण सीएचसी में करने की भी मांग की। कहा पिछले दिनों हुई भीषण बारिश में भीमताल विधान सभा क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों की उपजाऊ भूमि को नुकसान पहुंचा है। इस दौरान उन्होंने नुकसान का आकलन कर काश्तकारों को राहत दिलाने की मांग की। मंडी समिति अध्यक्ष साह ने कहा सीएम ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का भरोसा दिया है।