रुद्रपुर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के पटेल भवन छात्रावास में बुधवार रात भोजन करने के बाद कई छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। देर रात करीब तीन बजे छात्रों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बीमार छात्रों को एंबुलेंस के माध्यम से पंतनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार रात छात्रावास के मेस में डिनर के दौरान पनीर, चिकन, नान और लच्छा पराठा परोसा गया था। भोजन करने के बाद छात्र अपने-अपने कमरों में चले गए, लेकिन रात में कई छात्रों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र उल्टी और दस्त से पीड़ित हो गए।
एक साथ अधिक छात्रों के अस्पताल पहुंचने से वहां बेड कम पड़ गए। ऐसे में कुछ छात्रों के उपचार के लिए नीचे गद्दे लगाकर व्यवस्था करनी पड़ी। चिकित्सकों ने अधिकांश छात्रों को ड्रिप चढ़ाकर उपचार दिया। बताया गया कि एक छात्रा को लगातार उल्टी होने के दौरान सिर में चोट लग गई, जिसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित साईं अस्पताल रेफर किया गया।
उपचार के बाद सभी छात्रों की हालत सामान्य बताई जा रही है और उन्हें वापस छात्रावास भेज दिया गया है। फिलहाल सभी छात्र सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
गौरतलब है कि पटेल भवन छात्रावास की मेस पहले भी विवादों में रह चुकी है। 23 अप्रैल को मेस के भोजन में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया था, जिसके बाद छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर गंभीर सवाल उठाए थे। उस समय भी छात्रों ने कार्रवाई और व्यवस्था में सुधार की मांग की थी।छात्रों का आरोप है कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ताजा घटना के बाद छात्रों में नाराजगी देखी जा रही है और उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।वहीं, इस संबंध में संपर्क किए जाने पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी करने को तैयार नहीं हुए। छात्रों और अभिभावकों की नजर अब विश्वविद्यालय प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।