शहीद कैप्टन दीपक सिंह शौर्य चक्र की स्मृति में मेमोरियल का लोकार्पण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडौन द्वारा शहीद कैप्टन दीपक सिंह शौर्य चक्र, 48वीं राष्ट्रीय राइफल्स, सिग्नल कोर की पावन स्मृति में जनपद अल्मोड़ा के कामा गाँव, बगवालीपोखर में एक स्मारक (मेमोरियल) का श्रद्धापूर्वक लोकार्पण किया गया। यह आयोजन राष्ट्र के वीर सपूत के सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावपूर्ण अवसर रहा।


कार्यक्रम का शुभारम्भ शहीद कैप्टन दीपक सिंह को सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज सिंह रावत, सूबेदार मेजर नंद किशोर, शहीद अधिकारी के माता-पिता महेश सिंह कुवार्बी (सेवानिवृत्त उत्तराखंड पुलिस इंस्पेक्टर) एवं श्रीमती चंपा सिंह ने पुष्प चक्र अर्पित कर वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बता दें कि कैप्टन दीपक सिंह सिग्नल कोर के अधिकारी थे तथा 48वीं राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे। 14 अगस्त 2024 को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान उन्होंने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने एक आतंकवादी को मार गिराया तथा अपने साथियों के प्राणों की रक्षा करते हुए मात्र 25 वर्ष की आयु में मातृभूमि की रक्षा हेतु सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके इस असाधारण शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें मरणोपरांत “शौर्य चक्र” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट ने कहा कि कैप्टन दीपक सिंह का बलिदान सदैव राष्ट्र और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। उनका जीवन साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। नवनिर्मित मेमोरियल भावी पीढ़ियों में देशभक्ति, कर्तव्यपरायणता, अनुशासन एवं वीरता की भावना जागृत करने का एक स्थायी प्रेरणा केंद्र सिद्ध होगा। कमांडेंट ने गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर की ओर से कैप्टन दीपक सिंह के परिवारजनों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *