सेंट्रल कमांड चिल्ड्रेन समर एडवेंचर कैम्प का सफलता पूर्वक समापन
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर लैंसडौन के तत्वाधान एवं ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के मार्गदर्शन में आयोजित सेंट्रल कमांड चिल्ड्रेन समर एडवेंचर कैम्प सम्पन्न हो गया है। इस शिविर में 10 से 16 वर्ष के आयु के 141 बच्चों, जिसमें 78 लड़के और 63 लड़कियों ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विविध और साहसिक गतिविधियों की एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की गयी। समापन कार्यक्रम में शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के मेधावी प्रतिभागियों को कमांडेंट ने मेडल और पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस कैंप के दौरान बच्चों को कैम्पिंग, स्टार एवं जी.पी.एस. नेविगेशन, राइफल्स फायरिंग, सर्वाइवल और रॉक क्राफ्ट जैसी साहसिक चुनौतियों में हिस्सा लेने का अवसर मिला। इसके साथ मनोरंजन और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए मोटिवेशनल मूवी, संगीत, नृत्य, नाटक, मैजिक सो तथा योग एवं मेडिटेशन जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान बच्चों को लैंसडौन के प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों, युद्ध स्मारक और रेजिमेंटल संग्रहालय का भ्रमण भी कराया गया, ताकि वे सैन्य गौरव और अनुशासन को करीब से समझ सकें। इस शिविर में सभी बच्चों ने रोमांचकारी गतिविधियों के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र प्रेम जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को भी आत्मसात किया। श्रीमती रेखा नेगी अध्यक्षा, परिवार कल्याण संगठन, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर ने भी शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कैम्प समापन के दौरान कमांडेंट ने सभी प्रशिक्षकों एवं कैंप आयोजन समिति के सभी प्रशिक्षकगणों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। जिन्होंने अपनी मेहनत, समर्पण एवं मार्गदर्शन से इस कैंप को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आप सभी के लिए इस कैंप में अर्जित अनुभव, अनुशासन और सीख जीवन में सदैव उपयोगी सिद्ध होगी।