मंत्री ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण व शिलान्यास

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने चौथान क्षेत्र को कई विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विनसर महादेव मंदिर क्षेत्र के विकास, खेल मैदान और सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मंत्री ने कहा कि विनसर महादेव मंदिर क्षेत्र को धार्मिक आस्था, संस्कृति और पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा। कहा कि सरकार इसके संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान डॉ. रावत ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने बूंगीधार में आयोजित बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी, उपजिलाधिकारी थलीसैंण व दूधातोली विनसर चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ विनसर महादेव मंदिर की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर चर्चा की। इसमें भूमि हस्तांतरण से जुड़ी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने और जनभावनाओं के अनुरूप कार्रवाई आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उन्होंने बूंगीधार के देवराड़ी देवी में 25 लाख की लागत से बनने वाले खेल मैदान का शिलान्यास किया। जबकि थलीसैंण क्षेत्र के अंतर्गत 230.93 लाख की लागत से निर्मित 2.87 किमी. के मैखुली-देवराड़ी-गणतखाल मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस मौके पर एसडीएम थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ टीकाराम, जिला युवा कल्याण अधिकारी आरएस फोनिया, जिपं सदस्य अंजली जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *