उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय के प्रवेश मार्गों में शामिल मनेरा बाईपास सड़क पर जलभराव की समस्या ने आवाजाही को मुश्किल बना दिया है। बरसात शुरू होते ही सड़क के कई हिस्से पानी में डूब गए हैं जबकि एक स्थान पर करीब 20 मीटर तक सड़क तालाब का रूप ले चुकी है। हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। मनेरा बाईपास पर जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई दिखाई दे रही है। सड़क पर जमा पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन बेहद खतरनाक हो गया है वहीं चारपहिया वाहन भी धीमी गति से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग की ओर से न तो जल निकासी की समुचित व्यवस्था की गई और न ही समय पर नालियों की सफाई कराई गई।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि सड़क किनारे बनी नालियां लंबे समय से घास, मलबे और गंदगी से पटी हुई हैं, जिसके कारण बरसात का पूरा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।