देवल पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद, केतन के परिजनों से मिले

Spread the love

टिहरी। सांसद चंद्रशेखर आजाद देवल गांव में हुई केतन की मौत के मामले को लेकर परिजनों से मिलने पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ हर समय मजबूती से खड़े हैं।
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद आखिरकार दो दिन बाद प्रतापनगर के देवल गांव पहुंच गए। उन्होंने केतन लाल के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। केतन के परिजनों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। सांसद ने घटना पर दुख जताया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
प्रतापनगर ब्लॉक के देवल गांव निवासी केतन लाल की 8 जून को मारपीट के बाद मौत हो गई थी। उसके बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद 28 जून को मृतक केतन लाल के परिजनों से मिलने जा रहे थे लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें हरिद्वार में ही रोक दिया था। इससे नाराज सांसद वहीं धरने पर बैठ गए थे। पुलिस ने उन्हें 30 जून को मृतक केतन लाल के परिजनों से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया तो वह वापस चले गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *