हल्द्वानी। रविवार रात और सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश से शहर और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शहर के राजपुरा, बनभूलपुरा, जज फार्म समेत कई वार्डों में पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें कीचड़ से पट गईं। इंदिरानगर, आनंदपुरी, कुसुमखेड़ा समेत कई कॉलोनियों में ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों के साथ ही राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंदिरानगर में शनिबाजार का नाला चोक होने से पानी सड़कों और घरों में घुस गया। इस पर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और किसी तरह नाला खुलवाया। यहां शनि बाजार नाला निर्माण के चलते कचरा जमा होने के कारण स्थिति और खराब हो गई। वहीं, तेज बारिश के कारण सुशीला तिवारी अस्पताल से हीरानगर की ओर जाने वाले मार्ग पर कई जगह सीवर लाइन चैंबरों के ढक्कन खुल गए। इससे सड़क पर सीवर बहता रहा। दरअसल कई जगह से बारिश का पानी सीवर लाइन में जाने से यह दिक्कत हुई। सीवर की दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
बारिश के पानी से सड़क धंसी मुखानी जेकेपुरम ई-ब्लॉक में बारिश के पानी से सड़क धंस गई। इससे सड़क पर एक स्कार्पियो कार फंस गई। कार को ट्रैक्टर की मदद से कड़ी मशक्कत कर निकाला गया। दरअसल इस कॉलोनी में सीवरेज और पेयजल लाइन के लिए सड़क की खोदाई की गई है। डामरीकरण नहीं होने से सड़क कच्ची है। बारिश होने के बाद मार्ग पर आवाजाही मुश्किल हो गई है।