कोटद्वार-पौड़ी

मुक्तिधाम गेट पर लगा कूड़े का ढेर, स्थानीय जनता परेशान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। गाड़ीघाट में मुक्तिधाम के गेट के पास कूड़े का ढेर लगे होने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के कर्मचारी टेंचिंग ग्राउण्ड के बजाय मुक्तिधाम के मुख्य गेट के पास ही कूड़े का ढेर लगा रहे है। जो स्थानीय निवासियों के अलावा आवाजाही करने वाले लोगों के लिए भी परेशानी का सबब बना हुआ है।
नगर पालिका ने ग्यारह वार्डों के कूड़ा निस्तारण के लिए पूर्व में खोह नदी के किनारे अस्थाई टेंचिंग ग्राउण्ड बनाया था। टेंचिंग ग्राउण्ड के बनने से लोगों को उम्मीद थी कि कूड़े की समस्या से निजात मिल जायेगी, लेकिन कूड़े की समस्या से निजात मिलने के बजाय लोगों के यह परेशानी का सबब बन गया है। यह टेंचिंग ग्राउण्ड पालिका के 11 वार्डों के कूड़ा के लिए ही पर्याप्त नहीं था। आठ दिसंबर 2017 को प्रदेश सरकार ने नगर पालिका का विस्तार करते हुए सनेह और भाबर क्षेत्र की 35 ग्राम सभाओं के 73 गांवों को इसमें सम्मिलित कर नगर निगम बनाने की घोषणा की। दो दिसंबर 2018 को नगर निगम बोर्ड का विधिवत गठन भी हो गया। वर्तमान में यहां नगर निगम के चालीस वार्डों का कूड़ा डाला जा रहा है। कूड़ा निस्तारण न होने से वहां कूड़े का ढेर लगा हुआ है। आलम यह है कि मुक्तिधाम के मुख्य गेट तक कचरे का ढ़र लगा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई महीनों से नगर निगम के कर्मचारी कूड़े को मुक्तिधाम के मुख्य गेट के पास ही डाल रहे है। जिस कारण वहां पर कूड़े का ढेर लग गया है। स्थानीय लोग नगर निगम प्रशासन व स्थानीय प्रशासन से कई बार सफाई की गुहार लगा चुके है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम के आसपास कचरे का अंबार लगा है। आसपास के लोग कोरोना संक्रमण और अन्य बीमारियों को लेकर भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की लापरवाही से क्षेत्र में स्वच्छता अभियान बेअसर दिखाई दे रहा है। हालत यह है कि कोई भी सार्वजनिक स्थान स्वच्छ नहीं बचा है।
उधर, नगर निगम कोटद्वार के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि जल्द ही मुक्तिधाम के मुख्य गेट से कूड़े को हटा दिया जायेगा। कर्मचारियों को टेंचिंग ग्राउण्ड के अंदर ही कूड़ा डालने को कहा जायेगा। (


नगर की सफाई नहीं करा पा रहा निगम
नगर निगम कोटद्वार नगर की सफाई नहीं करा पा रही है। नगर के वार्डों से निकलने पर कचरों के ढेर जगह-जगह लगे देखें जा सकते हैं। इन कचरे के ढेरों पर आवारा जानवर और सुअरों का जमावड़ा बना रहता है। कचरा नहीं उठने से सड़कों पर कचरा बिखरा पड़ा है। नगर की जनता कचरे की बदबू से परेशान हैं, लेकिन नगर निगम समय पर कूड़ा नहीं उठा रहा है। एक ओर नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई व स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। वहीं कई वार्डों के मुख्य चौराहों एवं मुक्तिधाम के आसपास कचरे के ढेर लगे हुए हैं।

मवेशी और सुअरों का बसेरा
कचरे के ढेरों पर सुअर और आवारा मवेशियों का बसेरा रहता है। कचरा फैलने से सड़कों पर गंदगी फैल रही है। यहां नियमित कचरा नहीं उठाया जाता। जिसके कारण कचरा दुर्गंध मारने लगता है। कई जगह कचरे के ढेर लोगों के घर के सामने या फिर आसपास लगे हुए हैं। जिससे सबसे अधिक दिक्कत इनको हो रही है। उनके घर के गेट तक कचरा फैल रहा है। नगर निगम की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!