नगर निगम व प्रशासन ने मांस की दुकानों में की छापेमारी, कार्रवाई

Spread the love

जयतन प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर में संचालित मांस व मछली की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में नियमों का उल्लंघन सामने आया। अधिकांश स्थानों पर मांस खुले में काटा और लटकाया जा रहा था, जबकि कई दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली।
नगर आयुक्त पीएल शाह और उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने आमपड़ाव, देवी रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। आमपड़ाव क्षेत्र में कुछ दुकानों में काले शीशे नहीं लगाए गए थे और मांस खुले में रखा गया था। इस पर नगर निगम ने संबंधित दुकानदारों के चालान काटे और दस दिनों के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने की चेतावनी दी। वहीं देवी रोड में प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही खुले में मछली बेच रहे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई विक्रेता दुकानें बंद कर मौके से हट गए। टीम ने क्षेत्र की अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया और गंदगी पाए जाने पर चालान की कार्रवाई की। अधिकारियों ने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *