जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : झंडीचौड़ में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर निर्माण के लिए नगर निगम को हस्तांतरित सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की। निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से कब्जे वाली भूमि पर बने पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के निर्माण हेतु यह भूमि नगर निगम को उपलब्ध कराई गई थी। बावजूद इसके कुछ लोगों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्के निर्माण कर लिए थे। उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही निर्माण हटाने के लिए चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्धारित समय के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन नगर निगम की टीम ने प्रशासनिक सख्ती के साथ अभियान जारी रखा। निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोबारा सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।