फैक्ट्री में गैस रिसाव की आशंका, अगली जांच तक बंद की फैक्ट्री

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सिगड्डी स्थित एक फैक्ट्री में गैस रिसाव की आशंका के बाद प्रशासन ने एहतियातन फैक्ट्री को अगली जांच तक बंद कर दिया है। घटना के बाद आसपास की अन्य फैक्ट्रियों में कार्यरत श्रमिकों को भी सतर्क रहने की चेतावनी जारी की गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे फैक्ट्री में गैस रिसाव की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और फैक्ट्री प्रबंधन व श्रमिकों से पूछताछ कर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुधवार शाम लगभग सात बजे फैक्ट्री में कार्य कर रहे श्रमिकों को अचानक सांस लेने में दिक्कत और आंखों में तेज जलन महसूस होने लगी। कुछ ही देर में आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारियों ने भी इसी तरह की शिकायत की। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी श्रमिकों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद हालात सामान्य हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मामले की जानकारी उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आपदा नियंत्रण विभाग को दे दी है। फिलहाल जांच पूरी होने तक फैक्ट्री को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *