जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने आमजन से मतदान सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज करवाने की अपील की है। कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर व्यक्ति का जागरूक होना अति आवश्यक है।
एसआईआर कार्यक्रम के संबंध में कांग्रेस की विशेष बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेंद्र भंडारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचना चाहिए। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो उसे नियमानुसार जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों, गांवों और बूथों पर मतदाता सूची का गहन परीक्षण करने का आह्वान करते हुए कहा कि गलत अथवा अपात्र नामों को चिन्हित कर उन्हें नियमानुसार हटवाने में भी सहयोग करना चाहिए। इससे मतदाता सूची अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता केवल निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक और राजनीतिक कार्यकर्ता का भी दायित्व है। उन्होंने सभी ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों से बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाकर मतदाता जागरूकता बढ़ाने और सूची के पुनरीक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। बैठक के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी जागरूकता पोस्टर का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, बृजपाल सिंह, राजीव कपूर, बृजमोहन सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।