नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस सख्त, पांच दोपहिया सीज

Spread the love

अभिभावकों को कोतवाली बुलाकर कराई काउंसलिंग, वाहन न देने की अपील
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर की सड़कों पर दोपहिया वाहन दौड़ा रहे नाबालिगों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर वाहन चला रहे पांच नाबालिगों को पकड़ा और उनके दोपहिया वाहन सीज कर दिए। पुलिस ने सभी बच्चों के अभिभावकों को कोतवाली बुलाकर काउंसलिंग भी की और 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न देने की अपील की।


पुलिस ने मंगलवार को झंडाचौक, नजीबाबाद चौराहा, देवी रोड समेत शहर के अन्य स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूटी और बाइक चलाते मिले नाबालिगों को रोककर उनकी आयु की जानकारी ली गई। अभियान में पांच नाबालिग दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने उनके वाहनों को सीज कर कोतवाली में खड़ा कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ ही नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन की चाबी नहीं देनी चाहिए। नाबालिगों के वाहन चलाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ने के साथ ही उनके और अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वाहन न देने की अपील की। साथ ही आमजन से भी यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा में सहयोग देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *