गोपेश्वर। चमोली कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक गोशाला के समीप नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। उसके मुंह में रबड़ ठूंसी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की निगरानी में बेस अस्पताल श्रीकोट रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह गोशाला जा रही एक महिला की नजर नवजात पर पड़ी। महिला ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान संतोष गुसांई और ग्राम प्रहरी को दी। सूचना मिलते ही प्रधान मौके पर पहुंचे और तत्काल कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं ने बताया कि सुबह पांच बजे घटनास्थल पर पहुंचे तो नवजात के मुंह में बालों का रबड़ ठूंसा हुआ था। उन्होंने रबड़ निकालकर देखा तो नवजात की सांसें चल रही थीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम नवजात को जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी बेहतर देखभाल के लिए उसे सीडब्ल्यूसी की निगरानी में बेस अस्पताल श्रीकोट भेज दिया गया। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।