बिग ब्रेकिंग

ट्रेड लाईसेंस का व्यापारियों ने किया विरोध, निगम कार्यालय में किया प्रदर्शन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने ट्रेड लाईसेंस को लेकर बाजार में सर्वे कर रही एक टीम का विरोध करते हुए नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने सर्र्वे टीम को बाजार से भगा दिया। व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें बिना विश्वास में लिए ही टीम से सर्वे कराया जा रहा है, उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह का सर्वें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, चाहे इसके लिए बाजार बंद कर सड़कों पर ही क्यों न उतरना पड़े।
शुक्रवार को व्यापारियों में उस समय हड़कंच मच गया जब एक टीम बाजार में अचानक व्यापारियों का सर्वे करने लगी। व्यापारियों ने सर्वे टीम को वहां से भगा दिया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निगम कार्यालय में पहुंचे। व्यापारियों का कहना है कि नगर आयुक्त के द्वारा कोटद्वार बाजार में व्यापारियों का सर्वे कराया जा रहा है जो कि व्यापारिक हित में नहीं है। व्यापारी किसी भी कीमत पर नगर निगम के द्वारा करवाए जा रहे इस सर्वे को नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त द्वारा शासन के निर्देशों के तहत एक आउटसोर्स एजेंसी से नगर क्षेत्र में व्यापारियों का सर्वे करवाया जा रहा है, जो कि व्यापारियों का डाटा एकत्रित कर रही है। डाटा एकत्रित होने के बाद नगर क्षेत्र में व्यापारियों का ट्रेड लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। व्यापारियों को व्यवसाय के तहत वार्षिक लाइसेंस फीस जमा करनी होगी। वहीं व्यापारी संजय मित्तल ने बताया कि नगर आयुक्त द्वारा बाजार में एक टीम भेजी गई है जो कि सर्वे कर रही है। कोटद्वार में जितने भी व्यापारी है उनका डाटा टीम के पास मौजूद है। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष महेन्द्र बिष्ट, महासचिव राजेन्द्र भाटिया, कोषाध्यक्ष संजय मित्तल, प्रवक्ता विनय भाटिया, गोपाल बृज, दिनेश ऐरन, विजय माहेश्वरी, मुकेश मल्होत्रा, सुधीर बहुगुणा, अंकित अग्रवाल, अश्विनी भाटिया, हरिओम अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी शामिल थे। नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि नगर निकाय, नगर पंचायत और नगर निगम के अंतर्गत जितने भी व्यापारी आते हैं उनका ट्रेड लाइसेंस नगर निगम के द्वारा बनाया जाता है, जो कि अन्य नगर निगम, नगर पंचायत और नगर पालिकाओं में बन चुके हैं। कोटद्वार नगर निगम के द्वारा भी 40 वार्डों में ट्रेड लाइसेंस बनाने के लिए एक आउटसोर्स एजेंसी को चिन्हित किया गया है। यह एजेंसी कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में व्यापारियों का सर्वे कर रही है। लाइसेंस बनने के बाद लाइसेंस के तहत व्यवसाय करना होता है। लाइसेंस फीस का व्यापारियों को वार्षिक भुगतान करना होता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर व्यापारियों से वार्ता की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!