पीएम मोदी की अपील पर बोले सीएम सुक्खू- मैं छोटी इलेक्ट्रिक कार में करता हूं सफर

Spread the love

मंडी , ईंधन संरक्षण को लेकर पीएम मोदी की देशवासियों से की गई अपील का असर भी देखने को मिला है। भाजपा शासित राज्यों में सीएम से लेकर उनके मंत्रियों ने काफिले को आधा कर दिया है। दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा किया है कि वे छोटी इलेक्ट्रिक कार से सफर करते हैं। मंडी में मीडिया से बातचीत के दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैंने पहले ही अपने काफिले को कम कर दिया है। यह अच्छी बात है कि राज्यपाल ने भी अपने काफिले को कम कर दिया है। हमने मंत्रियों के वेतन में 30 फीसदी और विधायकों के वेतन में 20 फीसदी की कटौती की है। हमने वित्तीय रूप से कटौती की है। मैंने अपने काफिले का आकार भी कम करने के निर्देश दिए हैं। मेरे काफिले में छोटी इलेक्ट्रिक गाड़ियां हैं। हम तो तीन साल से ही खर्चा कम कर रहे हैं। प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। हमने तो बहुत पहले से ही काफिला कम कर दिया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की पूर्व सरकार में फिजूलखर्ची हुई है। करोड़ों रुपये बिल्डिंग बनाने में फूंके गए। प्रदेश की संपदा को भाजपा ने लूटा है। वे जैसे तैसे प्रदेश की सत्ता में आना चाहते हैं। जनता की सेवा के पैसे रोकोगे तो कैसे हिमाचल की सत्ता में आओगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से मिलने वाले पैसे जो हमें नहीं मिले हैं, हिमाचल भाजपा के नेताओं में हिम्मत नहीं है कि केंद्र से इस बारे में सवाल पूछें। जहां तक हमारी बात है तो प्रदेश के हित में हम इसे उठाते रहेंगे। कांग्रेस सरकार में प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।प्रदेश को हमने आर्थिक तौर पर मजबूत किया है। आने वाले 6 से 8 महीने में इसके सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।
दूसरी ओर, पीएम मोदी की सोने के आभूषण खरीदारी में कटौती किए जाने वाले बयान पर सीएम सुक्खू ने कहा कि शादी-विवाह हमारी संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे शुभ अवसरों पर परिवार अपने सामर्थ्य के अनुसार आभूषण खरीदकर बेटी को स्नेह, शगुन और आशीर्वाद के रूप में भेंट करते हैं। देशभर में ज्वेलरी उद्योग से जुड़े लाखों कारीगरों, कर्मचारियों, छोटे व्यापारियों और उनके परिवारों की आजीविका भी इसी पर निर्भर है। मेरा आग्रह है कि प्रधानमंत्री अपने सोना न खरीदने संबंधी सलाह पर पुनर्विचार करें क्योंकि इससे सामाजिक परंपराओं और रोजगार पर प्रभाव पड़ेगा।
निकाय चुनाव को लेकर सीएम ने कहा कि मंडी के भाइयों और बहनों ने संकल्प लिया है कि इस बार वे एकजुट होकर कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों को विजयी बनाएंगे और निकाय चुनाव में भी कांग्रेस की मजबूत सरकार जीत हासिल करेगी
।000

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *