भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में गढ़भोज दिवस का आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल में बुधवार को गढ़भोज दिवस धूमधाम से मनाया गया। गढ़भोज दिवस 2026 का विषय ‘गढ़भोज : स्वस्थ उत्तराखंड की ओर एक सशक्त कदम’ निश्चित किया गया है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। पारम्परिक व्यंजन प्रतियोगिता में प्रिया बीए तृतीय सेमेस्टर ने कंडाली पनीर की सब्जी बनाकर प्रथम स्थान, अमीषा रावत ने आटे का मीठा चीला (लगड़ी) बनाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. अर्चना नौटियाल, डॉ. अजय रावत, डॉ. पवनिका चंदोला शामिल रहे। संयोजक डॉ. सुमन कुकरेती ने गढ़भोज दिवस मनाने की परंपरा एवं उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा की संयुक्त निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता ने पारम्परिक व्यंजन बनाने हेतु छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एल.आर. राजवंशी ने पारंपरिक व्यंजन एवं स्वास्थ्य, युवाओं द्वारा पारंपरिक फसलों एवं व्यंजनों से जुड़कर रोजगार प्राप्त करने के विविध आयामों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में समस्त शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्रों ने सामूहिक गढ़भोज का आनंद लिया। कार्यक्रम की सह संयोजक डॉ. दुर्गा रजक ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।