श्रीनगर गढ़वाल : करीब आठ साल बाद सिटी बस सेवा शुरू होने का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। बस के रजिस्ट्रेशन के बाद अब परमिट समेत परिवहन विभाग से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। नगर निगम ने पितृ पक्ष के समापन के बाद पहले नवरात्र से सिटी बस का संचालन शुरू करने की तैयारी की है।

पौड़ी के आरटीओ द्वारिका प्रसाद ने बताया कि श्रीनगर सिटी बस से संबंधित परिवहन विभाग की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। बस का परमिट भी जारी हो गया है। परिवहन विभाग के स्तर से अब बस के संचालन में कोई प्रक्रिया शेष नहीं है। मेयर आरती भंडारी ने बताया कि लंबे समय से सिटी बस का इंतजार कर रहे नगरवासियों को अब इसकी सुविधा मिलने जा रही है। पितृ पक्ष के समापन के बाद पहले नवरात्र से बस सड़कों पर दौड़ेगी। सिटी बस का संचालन कलियासौड़ से कीर्तिनगर पुल तक किया जाएगा। इससे मेडिकल कॉलेज, बेस अस्पताल, गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, एनआईटी और बाजार क्षेत्र समेत विभिन्न स्थानों तक आनेजाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। (एजेंसी)