कोटद्वार-पौड़ी

रेहड़ी-ठेली से यात्री परेशान, गोखले मार्ग तक ही सिमटा पुलिस का अभियान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

कोटद्वार के रोडवेज बस अड्डे के आसपास सड़क पर फैली है अव्यवस्थाएं
बीच सड़क पर खड़ी-रेहड़ी ठेलियों के कारण यात्रियों का पैदल चलना भी मुश्किल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: भले ही पुलिस व प्रशासन ने गोखले मार्ग को रेहड़ी-ठेलियों के अतिक्रमण से मुक्त करवा दिया हो। लेकिन, शहर की अन्य सड़कों पर अब भी रेहड़ी-ठेलियों का कब्जा बना हुआ है। हालत यह है कि सड़कों पर बेतरतीब तरीके से घूम रही रेहड़ी-ठेलियों के कारण यातायात व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। सबसे बुरी स्थिति रोडवेज बस अड्डे पर बनी हुई है। सड़क पर खड़ी रेहड़ी-ठेलियों को कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ माह पूर्व पुलिस व प्रशासन ने गोखले मार्ग को पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए वन-वे बनाया था। इसके तहत सबसे पहले मार्ग पर अतिक्रमण करने वाली रेहड़ी-ठेलियों को हटाया गया था। मार्ग पर अतिक्रमण न फैले इसके लिए बकायदा पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया। सरकारी सिस्टम की सख्ती के बाद गोखले मार्ग तो साफ हो गया। लेकिन, हटाई गई रेहड़ी-ठेलियों ने शहर की अन्य सड़कों पर कब्जा करना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही विभिन्न सड़कों पर बेतरतीब तरीके से घूमती हुई रेहड़ी-ठेली आसानी से देखी जा सकती है। स्टेशन रोड व बस अड्डे में खड़ी रेहड़ी-ठेली व्यवस्थाओं को बेपटरी कर रही है। बीच सड़क पर खड़ी रेहड़ी-ठेली के कारण यात्रियों के साथ ही बस चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बसों को निकलने के लिए पर्याप्त मार्ग नहीं मिल पता। जिसके कारण पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

सड़क पर सजी है दुकानें
स्टेशन रोड व बस अड्डे में व्यापारियों ने भी अपनी दुकानों को सड़क पर सजाया हुआ है। यात्रियों को सड़क किनारे पैदल चलने का रास्ता तक नहीं मिल पाता। जिससे उन्हें बीच सड़क से होते हुए आवाजाही करनी पड़ती है। इसके कारण हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता है। जबकि, शहरवासी निगम व प्रशासन से कई बार व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग उठा चुके हैं। लेकिन, सरकारी सिस्टम अब भी लापरवाह बना हुआ है।

शहर में यातायात व्यवस्था को सुधाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रेहड़ी-ठेलियों के लिए नजीबाबाद रोड स्थित गाड़ीपड़ाव में व्यवस्था बनाई गई है। सड़क पर बेतरतीब घूमने वाली रेहड़ी-ठेलियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।…शिव कुमार, यातायात निरीक्षक, कोटद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!