कोटद्वार-पौड़ी

पौड़ी जनपद में आये 14 और प्रवासियों में मिला कोरोना वायरस

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। पौड़ी जनपद में कोरोना वायरस का कहर थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। जनपद में लगातार संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को पौड़ी जनपद में 14 प्रवासियों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक ही दिन में कोरोना संक्रमण के 14 मामले आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वह लोग अधिकतर मुंबई से यहां आए हैं। बुधवार को जो पॉजिटिव केस सामने आए हैं उसमें से 12 मामले अकेले पौड़ी मुख्यालय के है, जबकि एक मामला यमकेश्वर और एक मामला बडियारगढ़ क्षेत्र (टिहरी) का है। बडियारगढ़ के कोरोना पॉजिटिव को बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती करवाया गया है। पौड़ी मुख्यालय में इससे पूर्व दो कोरोना पॉजिटिव केस मिले थे। इन दो मामलों को मिलने के बाद उनके संपर्क में आए सभी लोगों को अलग-अलग क्वारंटाइन करते हुए सैंपल भेजे गए थे। जिसमें से 12 मामले पॉजिटिव निकले हैं। यह सभी प्रवासी मुम्बई से हरिद्वार ट्रेन से और वहां से बस के जरिये पौड़ी पहुंचे थे।
स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद भी पौड़ी में कोरोना मरीज हर दिन लगातार बढ़ रहे है। पौड़ी में प्रवासियों की आवाजाही से कोरोना के मामलें तेजी से बढ़ रहे है। प्रवासियों के लगातार कोरोना पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग ने पौड़ी में क्वारंटाइन सेंटर में रखे गये लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। बुधवार को 14 लोगों की कोरोना जांच पॉजिटिव आये है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज बहुखण्डी ने बताया कि सोमवार को पौड़ी जनपद में 14 लोगों की कोरोना जांच पॉजिटिव आई है। यमकेश्वर ब्लॉक निवासी एक युवक को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। वह लक्ष्मणझूला में क्वारंटाइन सेंटर में था। पिछले दिनों वह नोएडा उत्तर प्रदेश से घर आया था। 12 लोग महाराष्ट्र से पौड़ी जनपद में आये थे। जिन्हें प्रशासन की ओर से जिला अस्पताल और एक होटल में रखा गया था। इन सभी को बेस अस्पताल श्रीनगर के आइसोलशन वार्ड में भर्ती कराया दिया गया है। वहीं टिहरी जनपद निवासी दोयुवक को भी बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया है। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
जनपद में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 25 मार्च 2020 को आया था। युवक स्पेन से दुगड्डा अपने घर आया था। 5 मई को जनपद में दूसरा मामला आया था। गुरूग्राम से बीरोंखाल लौट रहे युवक की कोरोना रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। 19 मई को जनपद में कोरोना का तीसरा मामला आया था। गुरूग्राम से नैनीडांडा लौटे युवक की कोरोना रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। चौथा मामला भी पिछले सप्ताह ही आया था। टिहरी जनपद के बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती युवक की कोरोना जांच रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। 23 मई को दो युवकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, 24 मई को भी एक व्यक्ति की रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। 25 मई को दो वृद्धाओं व एक मृतक की कोरोना रिर्पोट पॉजिटिव आई है। बुधवार 27 मई को जनपद में 14 लोगों की जांच रिर्पोट पॉजिटिव आई है। इस तरह जनपद में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 24 हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!