श्रीनगर गढ़वाल : नगर क्षेत्र के कई मोहल्लों में पेयजल की आपूर्ति सुचारु न होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिन क्षेत्र में ट्यूबवेल से पेयजल आपूर्ति होती है वहां पर एक ही समय लोगों को पानी उपलब्ध हो पा रहा है। इसके अलावा पंपिंग पेयजल योजना से आच्छादित मोहल्लों में भी पानी की आपूर्ति अनियमित बनी हुई है।
नगर के नर्सरी रोड से सटे ट्रेजरी मोहल्ला, प्रगति विहार, कंसमर्दिनी, डांग, उफल्डा, शक्ति विहार, अलकंनदा विहार, भक्तियाना, चुंगी के आस-पास, ब्राह्माण मोहल्ला आदि क्षेत्रों में लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। लोगों का कहना है कि गरमी बढ़ते ही जल संस्थान के पंप भी हांपने लग जाते हैं। जहां ट्यूबवेल लगे हैं वहां भूमिगत जल स्तर कम हो गया है। इससे एक ही समय जल संस्थान पेयजल आपूर्ति करा पा रहा है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल का कहना है कि नगर क्षेत्र के कई हिस्सों में पेयजल की व्यवस्था बुरी तरह से चरमराई हुई है। होटल कारोबारियों को भी भारी दिक्कतें हो रही हैं। यदि पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं होती है तो वह लोगों को साथ लेकर जल संस्थान का घेराव करेंगे। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता अर्पित मित्तल का कहना है कि तकनीकी दिक्कत के कारण कुछ स्थानों पर पानी नहीं आ पा रहा होगा। ट्यूबवेल और पंपिंग का पानी एक साथ पंप किया जा रहा है। प्रेशर कम होने से दिक्कत हो रही है। जल्द स्थिति ठीक हो जाएगी। (एजेंसी)