ट्रक की टक्कर से फार्मा कंपनी के मैनेजर की मौत

Spread the love

काशीपुर। सुल्तानपुर पट्टी हाईवे पर मंगलवार सुबह सड़क हादसे में फार्मा कंपनी के एक मैनेजर की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने कार के पीछे टक्कर मार दी, जिससे मैनेजर की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के ग्राम फलौदा निवासी 41 वर्षीय नितिन त्यागी पुत्र अशोक त्यागी सितारगंज स्थित एक फार्मा कंपनी में मैनेजर थे। वह मंगलवार को अपने गांव से ड्यूटी पर लौट रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी दीप्ति और 11 वर्षीय बेटा भी था। बताया जाता है कि सुल्तानपुर पट्टी हाईवे पर उनकी कार का टायर अचानक पंक्चर हो गया। नितिन ने कार को सड़क किनारे खड़ा कर पहिया बदल लिया और पंक्चर टायर को कार में रखने लगे। इसी दौरान उनकी पत्नी और बेटा कार के पास खड़े थे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे मृतक के चचेरे भाई अभिषेक त्यागी ने बताया कि नितिन शनिवार को घर गए थे और मंगलवार को ड्यूटी पर लौट रहे थे। आईटीआई कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा। हालांकि ट्रक कब्जे में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *