पिथौरागढ़ में मानसून की दस्तक से 15 दिन पहले बारिश
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में मानसून की दस्तक से 15दिन पहले ही भारी बारिश हुई है। जिससे कई जगह जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले की 6 से अधिक आतंरिक सड़कों में कई जगह मलबा आ गया। संपर्क मार्गों में भी मलबा आने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार 21 जून को मानसून पहुंचेगा लेकिन यहां पहले ही प्री मानसून की बारिश शुरू हो गई है। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार तड़के व शुक्रवार देर रात बारिश हुई है। जिससे वर्षाती नालों के उफना जाने से जिला मुख्यालय में कई प्रमुख सड़कों में नालियों का पानी बहने से लोगों को दिक्कत हुई। यहां सिल्थाम से रई पुल तक सड़क में नाली का पानी बहने से लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी झेलनी पड़ी। नगर के टकाना, जीआईसी, एंचोली, विण में भी हल्का कई जगह जलभराव हुआ।नगर के आतंरिक मोहल्लों के रास्तों में भी कई जगह पानी भर जाने से लोग परेशान रहे। बारिश के बाद जिला मुख्यालय में तापमान में भी कमी आई है।