श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम क्षेत्र के स्वीत वार्ड नंबर तीन में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन शोपीस बनकर रह गई है। घरों में नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन पिछले एक साल से इस योजना से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लोगों ने चेतावनी दी यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी और प्रदर्शन करेंगे।
क्षेत्रीय निवासी अनिल दत्त तिवारी और संतोष रावत ने बताया कि क्षेत्र में वर्तमान में ढिकालगांव पंपिंग योजना और पुराने स्रोतों से पानी की आपूर्ति हो रही है। गर्मी के कारण गदेरे का पानी कम और दूषित भी हो गया है। दूषित पानी के सेवन से जनता में बीमारियों का खतरा बना हुआ है। वहीं हर घर जल योजना के तहत लगे कनेक्शन एक साल से सूखे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी सीएम हेल्पलाइन और जल संस्थान के आला अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। उन्होंने जल संस्थान से जल्द स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की। अगर ऐसा नहीं हुआ तो जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। वहीं जल संस्थान के जेई आयुष कंडारी का कहना है कि गर्मी में स्रोत पर पानी कम होने के कारण अक्सर इस तरह की दिक्कतें आती हैं। गुरूवार को विभाग की टीम स्वीत वार्ड का निरीक्षण करेगी। पाइपलाइन की जांच कर समस्या का जल्द समाधान निकाला जाएगा। (एजेंसी)