जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : पैठाणी पुलिस ने चोरी के सामान सहित दो किशोरों को गिरफ्तार किया है। किशोरों को सक्षम न्यायालय/किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों किशोर नशे के आदि है। वह गांजे से भरी सिगरेट व शराब पीते है। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी करते है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विगत 24 अप्रैल को वादी विश्वम्भर दत्त नौटियाल प्रधानाचार्य सरस्वती शिशु विद्या मन्दिर चाकीसैण जनपद पौडी गढ़वाल ने लिखित सूचना दी कि 23 अप्रैल की रात्रि में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्कूल के प्रधानाचार्य कार्यालय एवं कार्यालय में रखी आलमारियों का ताला तोडकर नगद 16500 रूपये व कम्यूटर का सीपीयू एवं अग्नि शमन यंत्र सिलेण्डर चोरी कर ले गये। जिसके आधार पर थाना पैठाणी पर धारा 331(4)/305(क) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर विवेचना अपर उपनिरीक्षक आनन्द सिंह खरोला के सपुर्द की गयी। विगत 27 मार्च को वादी प्रभाकर गौड़ पुत्र गणपति गौड़ निवासी ग्राम मैली, पोस्ट मैली, पट्टी कण्डारस्यूं, तहसील चाकीसैण, जनपद पौडी गढ़वाल ने तहरीर दर्ज कराई। तहरीर में बताया कि 24 अप्रैल को उनकी स्कुटी को ग्राम मैली में सडक के किनारे से रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। तहरीर के आधार पर थाना पैठाणी पर धारा 303 बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक उत्तम रमोला के सपुर्द की गयी। क्षेत्राधिकारी सर्किल पौड़ी के निकट पर्यवेक्षण व थानाध्यक्ष सुनील रावत के नेतृत्व में उपरोक्त घटनाओं के अनावरण हेतु टीम गठित की गयी। गठित पुलिस टीम द्वारा मंगलवार को देर सांय थाना क्षेत्रान्तर्गत बुंखाल मन्दिर रोड होते हुये गोदा गांव की ओर जाने वाले रोड पर मुखबिर की सूचना पर चैकिंग के दौरान दो किशोरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने किशोरों के पास से स्कुटी होण्डा एक्टिवा, पुलिन्दे सील सर्वे मोहर महमूला, नथ के टुकडे पीली धातु, मांग टीका पीली धातु, पैर के विछुवे सफेद धातु, दो टुकडे फूल डिजायन पीली धातु, एक कान का टाप्स पीली धातु, एक लेडीज घड़ी एचएमटी सिल्वर कलर, यूपीएस, एक अग्निशमन गैस सिलेण्डर बरामद किया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उत्तम रमोला, अपर उपनिरीक्षक आनन्द सिंह खरोला, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार, हर्षवर्धन सती, होमगार्ड हर्षपाल आदि शामिल थे।
किशोरों ने यूट्यूब से सीखा लॉक तोड़ना
पुलिस पूछताछ में किशोरों ने बताया कि 23 अप्रैल की रात्रि में सरस्वती शिशु विद्या मन्दिर चाकीसैण में प्रधानाचार्य के कार्यालय का ताला तोड़कर वहां रखी आलमारियों से कुछ नगद रूपये व एक सीपीयू जो कि कैमरों से कनेक्ट था तथा एक अग्निशमन गैस सिलेण्डर चोरी किया था। 24 अप्रैल की देर रात्रि में ग्राम मैली में सड़क के किनारे खड़ी स्कुटी का हेण्डल का लॉक तोड़कर चोरी कर लिया था। किशोरों ने बताया कि हेण्डल का लॉक तोड़ना यूट्यूब से देखकर सिखा है। इसके अतिरिक्त दोनों ने ग्राम मैली में ही 22 अप्रैल को एक बंद घर का ताला तोड़कर वहां से सोने व चांदी के आभूषण व कुछ नगदी भी चोरी करना एवं चोरी के दौरान उसी घर में खाना बनाकर खाया और वहां रखी शराब की बोतल से शराब पी ली तथा कुछ शराब की बोतलो को अपने साथ ले गये।