ईद को लेकर कोटद्वार में पुलिस अलर्ट, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आगामी ईद पर्व को देखते हुए कोटद्वार पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शहर में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
कोतवाली कोटद्वार में उपजिलाधिकारी संदीप कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममंगाई की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने अपील की कि ईद का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाया जाए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता का प्रतीक होते हैं, इसलिए सभी लोग मिलकर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि ईद पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *