शरीर पर बने टैटू से शव की पहचान में जुटी पुलिस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्टेशन रोड स्थित यात्री शेड में मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान के लिए कोटद्वार पुलिस अब उसके शरीर पर बने टैटू का सहारा ले रही है। शव मिलने के दो दिन बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसपास के थाना क्षेत्रों में भी जानकारी साझा की है।
दो दिन पूर्व बाजार चौकी से कुछ दूरी पर स्थित यात्री शेड के नीचे एक युवक का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शिनाख्त के लिए सुरक्षित रख दिया। तलाशी के दौरान मृतक के पास कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उसकी पहचान हो सके। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि मृतक के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई टैटू बने हुए हैं। इनमें एक युवती के नाम का टैटू और हाथ पर ‘ॐ’ का चिन्ह भी अंकित है। पुलिस को उम्मीद है कि इन टैटू के आधार पर मृतक की पहचान करने में सफलता मिल सकती है। उन्होंने बताया कि शव की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मृतक की तस्वीर और उसके शरीर पर बनें प्रमुख टैटू के फोटो आसपास के थानों और पुलिस चौकियों को भेजे गए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की जा रही है कि यदि कोई युवक इन टैटू के आधार पर पहचान में आता हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *