जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया गया।
कौड़िया स्थित गुरु रविदास महाराज के मंदिर के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। जिसे जन-जन तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कलश वंदन अभियान के तहत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पावन मिट्टी से भरा कलश उत्तराखंड के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेगा। उन्होंने कहा कि कोटद्वार पहुंचने पर पवित्र कलश का भव्य स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद कलश को जिले के विभिन्न मंडलों और गांवों तक ले जाकर सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। कार्यशाला में अभियान के सफल संचालन, जनसंपर्क और विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर मोहन सिंह नेगी, सुरेंद्र आर्य, विकासदीप मित्तल, शशिबाला केष्टवाल, मनीष भट्ट, सुरेंद्र सैनी, विजय सिंह, विजय रावत, यशोदा नेगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।