जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : द डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में सीबीएसई के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट लेवल डिलिबरेशन (डीएलडी) विषय कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (सीटी एंड एआई) पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षकों ने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और नवाचारी प्रयोगों पर विचार साझा किए।
कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षण के प्रभावी उपयोग के लिए प्रेरित करना तथा नई शिक्षा पद्धतियों से परिचित कराना था। इस दौरान प्रतिभागियों ने सीटी एवं एआई के विभिन्न विषयों पर तैयार किए गए अपने केस पेपर प्रस्तुत किए। केस पेपरों का मूल्यांकन अनिल बिंजोला, सुभाष चंद्र और विकास गुप्ता ने किया। प्रतिभागियों ने अपने शोध, गतिविधि आधारित शिक्षण, नवाचारी प्रयोगों, मूल्यांकन पद्धतियों तथा कक्षा में सीटी एवं एआई के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए। मूल्यांकन समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों के नवाचारों की सराहना करते हुए शोध आधारित और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को विद्यालयों में अपनाने पर बल दिया। शिक्षकों ने भी कार्यशाला को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए यहां प्राप्त अनुभवों और रणनीतियों को अपने-अपने विद्यालयों में लागू करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक पहल शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों में 21वीं सदी के आवश्यक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।