आपदा से बचाव को विभाग रहें अलर्ट मोड पर : ऋतु खंडूड़ी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सभी सरकारी विभागों का हर समय अलर्ट मोड पर रहना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं से भी आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें और प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करें।
गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ मालन, सुखरौ और खोह नदी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी किनारे सुरक्षा दीवारों, भू-कटाव प्रभावित क्षेत्रों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों से मानसून के मद्देनजर की गई तैयारियों और संवेदनशील स्थलों की जानकारी भी प्राप्त की। ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि नदी किनारे बसे क्षेत्रों, पुलों और संपर्क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जहां कटाव, जलभराव या बाढ़ का खतरा हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जन-धन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा आने के बाद राहत कार्य करने से अधिक जरूरी समय रहते प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को नदी क्षेत्रों की नियमित निगरानी, जल प्रवाह में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई, संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े संसाधनों और मशीनरी को पूरी तरह तैयार रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राठौर, विधायक प्रतिनिधि कमल नेगी, प्रमोद केष्टवाल, मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, दीपक गौड़, महेश नेगी, अमित रावत सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *