जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क पर बेसहारा घूम रहे एक बुजुर्ग को कोटद्वार पुलिस ने उनके स्वजनों के सुपुर्द किया है। कई दिनों से घर से लापता बुजुर्ग घरेलू विवाद के कारण मानसिक रूप से परेशान होकर इधर-उधर भटक रहे थे।
जानकारी के अनुसार, 6 मई को सिद्धबली मंदिर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड मंजू की नजर एक बुजुर्ग व्यक्ति पर पड़ी, जो असहाय अवस्था में सड़क किनारे घूम रहे थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मंजू ने तुरंत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग से बातचीत की। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम कल्याण सिंह निवासी नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) बताया। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते वह बिना किसी को बताए घर छोड़कर निकल गए थे और पिछले कुछ समय से कोटद्वार क्षेत्र में भटक रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही स्वजन कोटद्वार कोतवाली पहुंचे। परिजनों ने बताया कि वे लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद पुलिस ने बुजुर्ग को सकुशल उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया।