124 लाख की पेयजल योजना का शिलान्यास, 4000 लोगों को मिलेगा लाभ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 38 झंडीचौड़ उत्तरी में 124 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नलकूप एवं पंपिंग कार्य का शिलान्यास किया गया। योजना के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर और नियमित पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने वर्चुअल माध्यम से योजना का शिलान्यास करते हुए कहा कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्थाओं को सुदृढ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में 10 नलकूप स्थापित किए जा चुके हैं। नई योजना के पूर्ण होने पर झंडीचौड़ उत्तरी, झंडीचौड़ पूर्वी, झंडीचौड़ पश्चिमी, रामदयालपुर, लोकमणिपुर और गंदरियाखाल क्षेत्र के करीब 4000 लोगों को स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी, महेश नेगी, राजेंद्र जजेडी, अमिताभ अग्रवाल, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, रजनीश बेबनी, कुबेर जलाल, सुदर्शन सिंह, राजीव डबराल, अनिल गौड़ और सतीश धूलिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *