जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय में पिछले तीन सप्ताह से बंद पड़ी एक्सरे सेवा आखिरकार दोबारा शुरू हो गई है। एक्सरे मशीन के सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी खराबी को इंजीनियरों ने ठीक कर दिया है, जिसके बाद शुक्रवार से मरीजों के एक्सरे किए जाने लगे। सेवा बहाल होने से मरीजों और अस्पताल प्रशासन दोनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, करोड़ों रूपये की लागत से संचालित एक्सरे मशीन के सॉफ्टवेयर में 24 मई 2026 को तकनीकी खराबी आ गई थी। खराबी के चलते एक्सरे विभाग पर ताला लगाना पड़ा और मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई मरीजों को निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ा, जहां उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा था। करीब 21 दिनों के लंबे इंतजार के बाद इंजीनियरों की टीम ने मशीन की तकनीकी दिक्कत को दूर कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने एक्सरे विभाग को फिर से शुरू कर दिया है। अब चिकित्सकों की सलाह पर मरीजों के एक्सरे किए जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि एक्सरे सेवा दोबारा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उपचार प्रक्रिया भी पहले की तरह सुचारु रूप से चल सकेगी। लंबे समय से बंद सेवा के कारण अस्पताल पर बढ़ रहा दबाव भी अब कम होने की उम्मीद है।