नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाएं पुलिस: ऋतु

Spread the love

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने ली अधिकारियों की बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अग्नि शमन आदि जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर पुलिस प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक की। बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को नशाखोरी ,अवैध शराब की बिक्री पर रोक एवं कानून व्यवस्था व ट्रैफिक को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष ने कैंप कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित अन्य अधिकारियों की बैठक ली। विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार में नशाखोरी , अवैध शराब, नशीले पदार्थों की बिक्री पर कठोर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार के शिवराजपुर में अवैध शराब और बालासौड के पार्कों में नशीले पदार्थों के रोकथाम हेतु सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि नशे के आदि हुए लोगों को सुधारा जाए और बेचने वाले पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। पुलिस प्रशासन द्वारा कोटद्वार में नशा मुक्ति केंद्र की कमी की समस्या बताई गई जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने खाली पड़े पुराने सरकारी भवनों को नशा मुक्ति केंद्र में परिवर्तित करने के सुझाव दिए। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा बताया गया कि पौड़ी पुलिस द्वारा हाल के 3 महीनों में 121 ग्राम स्मैक 2 किलो चरस 29 किलो गांजा पकड़ा गया जिसमे 26 मुकदमे किए गए और 29 गिरफ्तारियां की गई। बैठक में अग्निशमन अधिकारी कोटद्वार द्वारा फायर हाइड्रेंट की कमी के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि जल निगम द्वारा शासन को 09 हाइड्रेंट का प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर कार्यवाही लंबित है। विधानसभा अध्यक्ष ने इसका संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से जानकारी ली। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा यातायात पुलिस को कोटद्वार में ट्रैफिक की समस्या को दुरुस्त करने, अवैध अतिक्रमण को हटाने के साथ ही अतिक्रमण करने वालों पर चालन की कार्रवाई करने सुझाव दिया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शेखर चंद सुयाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी गणेश लाल कोहली, पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन वैभव सैनी, अग्निशमन अधिकारी कोटद्वार सुरेश चंद, निरीक्षक यातायात कोटद्वार शिवकुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विजय सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *