प्रवासियों को रोजगार के लिए आंदोलन करेगी कांग्रेस
रुद्रप्रयाग। केंद्र व राज्य सरकार उत्तराखंड के प्रवासियों व बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। लकडाउन के 6 महीने बीतने को हैं, लेकिन प्रवासियों के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा है। जबकि छोटे-छोटे काम देकर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा सकता था। सरकार यदि रोजगार मुहैया कराने के लिए ठोस कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस सड़कों पर आंदोलन करेगी।
पूर्व काबीना मंत्री मातबर सिंह कंडारी ने प्रेस वार्ता में कहा कि पहाड़ में नदियां में बड़ी मात्रा में मछलियां हैं। जब उनका अवैध रूप से शिकार होना ही है तो सरकार को यहां के युवाओं को लाइसेंस देकर मछली मारने की अनुमति देनी चाहिए, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके। नदियों के अलग-अलग स्थानों पर जब बनाकर लोगों को रोजगार दिया जाए। सरकार बकरी पालन, भेड़ पालन, खरगोश पालन, सब्जी उत्पादन, मुर्गी पालन में लोगों को प्रोत्साहन दे। कंडारी ने कहा कि प्रवासियों को पांच लाख का ब्याज रहिताण दें ताकि वह अपना रोजगार शुरू कर सकें। पहाड़ में काफल, बुरांस, सेब आदि की काफी डिमांड है और इस क्षेत्र में काम करने की जरूरत है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट और पूर्व राज्य मंत्री देवेंद्र सिंह झिक्वाण ने सरकार की विफलताओं पर आक्रोश व्यक्त किया।