2 जुलाई की आपदा मॉक ड्रिल को लेकर तैयारियां पूरी

Spread the love

आपदा से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा, छ: स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : 2 जुलाई को प्रस्तावित जनपद स्तरीय आपदा मॉक ड्रिल की तैयारियों के क्रम में मंगलवार को एनआईसी सभागार, गोपेश्वर में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा मॉक ड्रिल के दौरान निभाई जाने वाली भूमिकाओं, उपलब्ध संसाधनों, राहत एवं बचाव कार्यों, संचार व्यवस्था, विभागीय समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपसी समन्वय का परीक्षण करना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अपने दायित्वों का गंभीरता पूर्वक निर्वहन करने तथा आवश्यक संसाधनों एवं मानवबल की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के तहत जनपद के छ: चिन्हित स्थलों पर विभिन्न आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया जाएगा। इनमें चेपड़ों (थराली) में भारी वर्षा एवं भूस्खलन से भवनों में मलबा भरने, लामबगड़ (ज्योतिर्मठ) में मलबा गिरने से पुल क्षतिग्रस्त होने एवं अलकनंदा नदी का प्रवाह बाधित होने, थराली-चेपड़ों-वाण क्षेत्र में बादल फटने, कमेड़ा (गौचर) में पत्थर गिरने से यातायात बाधित होने, तमक नाला (ज्योतिर्मठ) में मलबा गिरने से पुल क्षतिग्रस्त होने तथा टीएचडीसी टनल (पीपलकोटी) में टनल क्षतिग्रस्त होने से लोगों के फंसने की काल्पनिक परिस्थितियों पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। बैठक में खोज एवं बचाव दलों की तैनाती, राहत शिविरों की व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, खाद्य एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, सड़कों को सुचारु रखने, वैकल्पिक मार्गों, संचार व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जिला विकास अधिकारी के.के पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *