हरिद्वार के पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, जंगल में दबे मिले शव; मुख्य पुजारी संदेह के घेरे में

Spread the love

हरिद्वार , उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र स्थित पथरी थाना अंतर्गत पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए हुए मिले। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को सूचना दी कि मंदिर में रहने वाले दो साधु कई दिनों से दिखाई नहीं दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पथरी थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में एक संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया। घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारण और समय का स्पष्ट पता चल सके।
पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि दो साधुओं की हत्या कर शवों को गड्ढे में दबाए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
धार्मिक स्थल पर हुई इस दोहरे हत्याकांड से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *