लोकसभा में प्रियंका गांधी ने पूछा- युवाओं पर पैलेट-गन और एके-47 चलवाने का आदेश किसने दिया

Spread the love

नईदिल्ली,लोकसभा में मंगलवार को दोपहर 2 बजे से सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा शुरू हो गई। इस दौरान कांग्रेस की ओर से केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार को छात्रों पर पैलेट गन और लाठीचार्ज के लिए निशाने पर लिया। उन्होंने संसद में पूछा कि छात्रों पर आंसू गैस के गोले, लाठियां बरसाने, पैलेट गन चलाने और लड़कियों के कपड़े फाड़ने की जरूरत क्यों पड़ी?
प्रियंका ने संसद में कहा, क्या जरूरत थी- छात्रों पर आंसू गैस के गोले छोड़ने की, उनपर लाठियां बरसाने की? क्या जरूरत थी- नौजवान लड़कियों को जलील करते हुए उनके कपड़े फाड़ने की, उनको बेरहमी से पिटवाने की? क्या जरूरत थी- देश के युवाओं पर पैलेट गन, एके-47 चलवाने की, क्या वे आतंकवादी हैं?
उन्होंने कहा कि ये सवाल कांग्रेस नहीं बल्कि पूरा देश पूछ रहा है। ये सरकार देश के नौजवानों से क्यों डरती है?
प्रियंका ने आगे पूछा कि जिन बच्चों के साथ दिल्ली और पूरे देश में छात्रों के साथ सलूक किया गया, क्या वे बच्चे आतंकवादी हैं?
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना होगा कि बच्चों पर हमला करने का आदेश किसने दिया?
उन्होंने कहा कि ये सदन यहां बैठे सांसदों की जागीर नहीं है, ये देश की अमानत है। हम नागरिकों के सेवक और उनके प्रतिनिधि हैं।
उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के संसद में स्वागत की भी आलोचना की। प्रियंका ने कहा कि जब संसद में एनडीए के सांसद प्रधान का स्वागत कर रहे थे, तब महाराष्ट्र में एक परिवार अपनी बेटी की आत्महत्या का गम मना रहा था।
प्रियंका ने प्रधानमंत्री द्वारा पोस्ट की गई रील पर तंज कस कहा, आधी रात को रील बनाने से कोई फायदा नहीं होगा। पीएम को कैमरे का एंगल बदलने की बजाय अपने दिल का एंगल बदलना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने नवनियुक्त कार्यवाहक शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी के एक पुराने बयान का जिक्र किया, जिस पर हंगामा शुरू हो गया।
प्रियंका ने कहा कि एक ऐसे व्यक्ति को नया शिक्षा मंत्री नियुक्त किया, जो गर्भवती महिला के बलात्कार करने वालों की रिहाई पर सहमति जता चुके हैं।
बयान को लेकर खूब हंगामा हुआ। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस पर प्रियंका गांधी से माफी की मांग की।
प्रियंका ने इसकी पुष्टि के लिए अखबार का हवाला दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *