जल संस्थान कार्यालय परिसर में किया प्रदर्शन

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नगर निगम के वार्ड-18 के लोगों ने भाजपा पार्षद झाबर सिंह रावत के नेतृत्व में सोमवार से जल संस्थान कार्यालय परिसर के प्रदर्शन कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन की चेतावनी दी।
पार्षद झाबर सिंह ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की नालियों से गुजर रही पेयजल लाइन को हटाकर भूमिगत करने, रामलीला मैदान चौराहे से पाण्डेय गली तक स्थानीय निवासियों के लिए अलग पेयजल लाइन बिछाने, रामलीला मैदान चौराहे पर पुरानी पानी की टंकी के स्थान पर नई टंकी का निर्माण कराना आदि है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर राज्य आंदोलनकारी उम्मेद सिंह मेहरा, प्रवीण अग्रवाल, देवेश्वरी बिष्ट, गीता बिष्ट, पूनम रावत आदि मौजूद रहे। पार्षद रावत ने बताया कि दोपहर बाद जल संस्थान के सहायक अभियंता अर्पित मित्तल ने उन्हें दूरभाष पर काम शुरू कराने की बात कही। पार्षद ने कहा कि जब तक मांगों के संबंध में उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलता उनका धरना जारी रहेगा। वहीं मेयर आरती भंडारी ने मौके पर पहुंचकर धरने पर बैठे भाजपा पार्षद झाबर सिंह रावत व स्थानीय लोगों से बात की। मेयर ने जल संस्थान के अधिकारियों को क्षेत्र की सभी नालियों से गुजर रही पेयजल लाइनों को तत्काल हटाकर भूमिगत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालियों के भीतर या ऊपर बिछी पाइपलाइनों से सीधे तौर पर नालियां चोक होती हैं। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। कहा कि यदि जल संस्थान समय से समाधान नहीं करता तो वह स्वयं इस कार्य को प्राथमिकता पर करवाने के लिए आगे आएंगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *