जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : दूषित पानी की आपूर्ति से इन दिनों लोग जलजनित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 350 से अधिक लोगों ने पंजीकरण करवाया। फिजीशियन के पास सर्वाधिक 120 से अधिक लोगों ने जांच कराई। चिकित्सकों ने लोगों को स्वच्छ व उबला पानी पीने, संतुलित पोषाहार लेने और फास्ट फूड से बचने की सलाह दी है। सीएमओ इन दिनों प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ ही जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की कमान भी संभाल रहे हैं।
जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों की चपेट में आने से विशेषज्ञ चिकित्सकों के कक्ष के बाहर उपचार पाने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। एक फिजीशियन के अवकाश पर जाने से अस्पताल में एक ही रह गए हैं। ऐसे में मरीजों की लाइन लग रही है। फिजीशियन के पास सर्वाधिक 120 से अधिक लोगों ने जांच कराई। फिजीशियन डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि इन दिनों जलजनित बीमारियों के चलते सभी वर्गों के लोग बीमार हैं। इनमें भी टायफाइड, बुखार, खांसी के मामले सबसे अधिक हैं। उन्होंने लोगों को स्वच्छ व उबला पानी पीने, संतुलित पोषाहार लेने और फास्ट फूड से बचने की सलाह दी है। वहीं पीड़ित नरेंद्र रावत ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से खांसी होने से गुला दर्द हो रहा है। सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला इन दिनों प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ ही जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की कमान भी संभाल रहे हैं। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील त्यागी के अवकाश पर होने के चलते सीएमओ डॉ. शुक्ला हर दिन अल्ट्रासाउंड कर लोगों को लाभ पहुंचा रहे हैं। सोमवार को भी सीएमओ ने सुबह 9 से 10.30 बजे तक जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड किए। उन्होंने नौ गर्भवतियों समेत 25 के अल्ट्रासाउंड किए।