जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कल्जीखाल ब्लॉक के घंडियालधार-कुनकली-अलासू-बहेड़ाखाल संपर्क मार्ग का लंबे समय से डामरीकरण नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि दस साल बाद भी मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है, जिस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द मार्ग का डामरीकरण नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
सोमवार को स्थानीय ग्रामीण कर्मवीर सिंह रावत, लक्ष्मण सिंह असवाल, धन सिंह नेगी, अर्जुन सिंह नेगी, नरेश चंद्र थपलियाल ने एडीएम को ज्ञापन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2016 में इस संपर्क मार्ग का निर्माण किया गया, लेकिन 10 साल का समय होने के बाद भी मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े बड़े गड्ढें व मलबा आने से हर समय दुर्घटना होने का भय बना रहता है। वहीं, पैदल वाले मार्ग से आवाजाही करने में हर समय जंगली जानवर के हमले का खतरा रहता है। यातायात की सही व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्र से लगातार पलायन हो रहा है।