जनसेवा शिविर, 276 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड बीरोंखाल में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण, प्रमाणपत्र और अन्य विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान 276 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड माटी कला बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री (दर्जाधारी मंत्री) अनुराधा वालिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया और कहा कि ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच मजबूत कड़ी का कार्य कर रहे हैं। इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर सहज रूप से उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। शिविर में कृषि एवं उद्यान विभाग ने 22 किसानों को कृषि सामग्री और पौध वितरित किए। बाल विकास विभाग ने 11 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 98 तथा आयुष विभाग ने 70 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। समाज कल्याण विभाग ने 32 लाभार्थियों को वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन योजनाओं से जोड़ा, जबकि राजस्व विभाग ने 13 लोगों को कृषक प्रमाण-पत्र और खाता-खतौनी की नकल उपलब्ध कराई। वहीं, रीप और एनआरएलएम के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार 30 उत्पादों का विक्रय भी किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी, खंड विकास अधिकारी एस.एस. बुटोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम सिंह नेगी, ग्राम प्रधान राजे सिंह, मंडल अध्यक्ष ओम पाल बिष्ट, यशवंत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *