मेरिट सूची में देरी पर छात्रसंघ ने जताया रोष, तीन दिन का दिया अल्टीमेटम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की मेरिट सूची जारी होने में हो रही देरी को लेकर छात्रसंघ ने नाराजगी जताई है। छात्रसंघ ने महाविद्यालय प्रशासन को तीन दिन के भीतर मेरिट सूची जारी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बुधवार को छात्रसंघ अध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में छात्रों ने प्राचार्य डा. डी.एस. नेगी को ज्ञापन सौंपा। छात्रसंघ का कहना है कि प्रदेश के अधिकांश महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ चुकी है और कई जगह कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं, जबकि कोटद्वार महाविद्यालय के हजारों विद्यार्थी अब भी मेरिट सूची का इंतजार कर रहे हैं। इससे छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है। छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक वर्ष इस समय तक प्रवेश प्रक्रिया काफी आगे बढ़ जाती थी, लेकिन इस बार अनावश्यक विलंब के कारण विद्यार्थियों का बहुमूल्य समय नष्ट हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद महाविद्यालय प्रशासन छात्रों के हितों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तीन दिन के भीतर प्रथम सेमेस्टर की मेरिट सूची जारी नहीं की गई तो छात्रसंघ विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। वहीं, प्राचार्य डा. डीएस नेगी ने छात्रों को आश्वस्त किया कि महाविद्यालय प्रशासन मेरिट सूची जारी करने की प्रक्रिया में गंभीरता से कार्य कर रहा है और दो से तीन दिन के भीतर सूची जारी कर दी जाएगी। इस दौरान अनिकेत दुगलचा, रोहन राणा, शौर्य विश्नोई, हिमांशु शाह, रामगोपाल सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *