नारसन बॉर्डर से लंढौरा तक वाहनों की कतारें

Spread the love

रुड़की। हरिद्वार और उत्तराखंड के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग और उससे जुड़े संपर्क मार्गों पर लंबा जाम लग गया। नारसन बॉर्डर से लेकर नगला इमरती, मंगलौर और लंढौरा तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें देखने को मिलीं। सुबह से शुरू हुआ यातायात दबाव दोपहर तक विकराल रूप ले गया और वाहन घंटों तक रेंग-रेंग कर चलते रहे। पुलिस यातायात को सामान्य करने में जुटी रही। पुलिसकर्मी तपती दोपहर में सड़कों पर डटे रहे। रविवार होने के कारण दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक हरिद्वार की ओर रवाना हुए थे। हरिद्वार में गंगा स्नान और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर बढ़ती भीड़ के चलते हाईवे पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। परिणामस्वरूप नारसन बॉर्डर से लेकर नगला इमरती बाईपास तक जाम की स्थिति बन गई। इसका असर लंढौरा और मंगलौर रोड पर भी दिखाई दिया, जहां वाहन काफी देर तक रुक-रुककर चलते रहे।
जाम में फंसे लोग हुए भीषण गर्मी और उमस से परेशान:
दोपहर के समय तापमान बढ़ने के साथ ही सड़क पर खड़े वाहनों में बैठे यात्रियों का हाल बेहाल हो गया। बसों में सफर कर रहे छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग पसीने से तरबतर नजर आए। कई यात्रियों को घंटों तक वाहन से बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कुछ स्थानों पर लोग पानी की बोतलें लेकर सड़क किनारे खड़े दिखाई दिए, जबकि कई यात्रियों ने गर्मी से राहत पाने के लिए पेड़ों की छांव का सहारा लिया। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें भी कम नहीं रहीं। तेज धूप के बीच लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने सिर और चेहरे को कपड़ों से ढककर गर्म हवाओं से बचने का प्रयास करते दिखाई दिए। वहीं निजी वाहनों में सफर कर रहे परिवारों को भी घंटों जाम में फंसे रहने के कारण परेशानी उठानी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *