डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक घायल

Spread the love

रुड़की। झबरेड़ा-सहारनपुर मार्ग पर ग्राम खरखड़ी के पास एक डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों में दो नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए कस्बे के एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जबकि डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया। ग्राम मुकंदपुर निवासी अंश कुमार रविवार को अपने दो साथियों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर किसी रिश्तेदारी में झबरेड़ा आए थे। जब वे ग्राम खरखड़ी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक डंपर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद बाइक सवार तीनों युवक बाइक सहित सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे और घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल घायलों को कस्बे में एक चिकित्सक के यहां उपचार के लिए पहुंचाया तथा उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन चिकित्सक के यहां पहुंच गए। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया गया है कि हादसे में उसके पैर की हड्डी टूट गई है। वहीं, दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *