जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वर्षा से पूर्व जल निकासी की बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि बुधवार रात हुई वर्षा के दौरान वार्ड नंबर-16 सिताबपुर कंडवाल मोहल्ले के कई घरों में वर्षा का भारी भर गया। जिसके कारण घरों में रहने वाले परिवार पूरी रात जागते रहे। गुरुवार सुबह वर्षा कम होने पर मोहल्ले की सड़के तालाब में तब्दील नजर आई।
वर्षा काल से पूर्व नगर निगम की ओर से शहर में वर्षा जल निकासी की व्यवस्था बनाई जाती है। इसके लिए बकायदा सड़कों व गली मोहल्लों में नालों की सफाई की जाती है। लेकिन, अधिकांश वार्डों में पेयजल निकासी के लिए नालियां ही नजर नहीं आ रही। नतीजा, वर्षाकाल में वार्डवासियों की चुनौती बढ़ने लगी है। आंचल दूध डेयरी के समीप कंडवाल मोहल्ले में रहने वाले लोगों ने बताया कि उनके वार्ड में वर्षा जल निकासी के लिए नाली होने होने के कारण पानी घरों में घुस रहा है। वार्डवासी राम स्वरूप बुड़ाकोटी, आरपी गौड़, मदन मोहन कोठारी व रमेश पंवार ने बताया कि बुधवार रात उनके घरों में वर्षा का पानी घुस गया। पूरा परिवार पानी को साफ करने में ही जुटा रहा। वार्ड की सड़क तालाब में तब्दील हो चुकी है। ऐसे में लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों व बुजुर्गों को हो रही है। वार्डवासियों ने नगर निगम से समस्या के निराकरण की मांग की है।