जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शासन की ओर से जारी स्थानांतरण सूची के तहत राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में तीन नए चिकित्सकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। नए डॉक्टरों की तैनाती से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होने के साथ मरीजों को भी बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
हाल ही में स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश भर के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों के बड़े स्तर पर स्थानांतरण किए थे। इस सूची में राजकीय बेस चिकित्सालय से छह विशेषज्ञ चिकित्सकों का तबादला किया गया, जबकि उनके स्थान पर 12 चिकित्सकों की तैनाती की गई है। इनमें से फिलहाल तीन चिकित्सकों ने कार्यभार संभाल लिया है। वहीं, स्थानांतरित किए गए चिकित्सक भी अभी तक अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं, जिससे फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या पहले से अधिक हो गई है। कार्यभार ग्रहण करने वालों में शल्य चिकित्सक डॉ. कर्मवीर सिंह, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास थलेड़ी तथा एक चिकित्सा अधिकारी शामिल है। नए चिकित्सकों की तैनाती के बाद बेस चिकित्सालय के हड्डी रोग विभाग में पहली बार चार विशेषज्ञ चिकित्सक एक साथ सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, शल्य चिकित्सा विभाग में भी तीन सर्जनों की उपलब्धता से मरीजों को उपचार और ऑपरेशन संबंधी सुविधाएं बेहतर ढंग से मिल सकेंगी। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की बढ़ी संख्या का सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा और उपचार के लिए लंबा इंतजार भी कम होने की उम्मीद है।