गुमखाल-सतपुली हाईवे पर बारिश बनी आफत, लगातार गिर रहे बोल्डर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुमखाल-सतपुली के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश के दौरान सफर करना इन दिनों बेहद जोखिमभरा हो गया है। हल्की बारिश होते ही पहाड़ियों से बोल्डर और मलबा सड़क पर गिर रहा है, जिससे यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने बारिश की स्थिति में शाम पांच बजे के बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्णय लिया है।
गुमखाल-सतपुली राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन दिनों चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। पहाड़ियों और चट्टानों की कटिंग के कारण बारिश के दौरान ढीली चट्टानें और मलबा लगातार सड़क पर गिर रहा है। गुरुवार सुबह हुई बारिश में भी कई स्थानों पर भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा हाईवे पर आ गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया, लेकिन पूरे दिन रुक-रुक कर बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी रहा। बारिश के दौरान हाईवे पर कब और किस स्थान पर पहाड़ी से बोल्डर गिर जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

वैकल्पिक मार्ग से भेजे जा रहे वाहन
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बारिश के दौरान शाम पांच बजे के बाद गुमखाल-सतपुली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाती है। इस दौरान वाहनों को दुगड्डा-फतेहपुर-डेरियाखाल-चुंडई-कांडाखाल होकर सतपुली भेजा जा रहा है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में इस मार्ग पर यात्रा से बचने की अपील की है।

हाल की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
कुछ दिन पहले इसी मार्ग पर पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि, उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। वहीं, इससे दो दिन पहले एक बोलेरो वाहन पर विशाल बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *